अल्पसंख्यकों के उत्थान के लिए सरकार प्रतिबद्ध, मदरसा बोर्ड की जगह बनेगा अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण: सीएम

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार की सबसे बड़ी पूंजी जनता का विश्वास है और इसी विश्वास के बल पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री रविवार को देहरादून में अल्पसंख्यक मोर्चा महानगर द्वारा आयोजित ‘लाभार्थी सम्मेलन’ को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया और उनके अनुभव सुने।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंच रहा है। डबल इंजन सरकार का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा निर्णय लेते हुए उत्तराखंड मदरसा बोर्ड को समाप्त कर राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के गठन का फैसला किया है। इसके माध्यम से अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे विज्ञान, प्रौद्योगिकी, कौशल विकास और प्रतिस्पर्धी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड इसे लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। उनके अनुसार, यूसीसी महिलाओं को समान अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है तथा सामाजिक समरसता और समान अवसर की भावना को भी मजबूत करता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण, युवाओं के रोजगार, किसानों की आय बढ़ाने, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, पेयजल, डिजिटल सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं की जानकारी अन्य पात्र लोगों तक भी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक परिवार इनका लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वरोजगार, कौशल विकास और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सरकारी योजनाओं से उनके जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक विनोद चमोली, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं दायित्वधारी दिनेश अग्रवाल, देहरादून नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

