उत्तराखंड

658 किमी की हिमालयन साइकिल रेस शुरू, 18 राज्यों के 66 साइकिलिस्ट दिखाएंगे दम

मुक्तेश्वर से मसूरी तक 10 जिलों से होकर गुजरेगी रेस, 26 नवंबर को होगा समापन; सेना, वायुसेना और आइटीबीपी के प्रतिभागी भी शामिल

मुक्तेश्वर। उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय एडवेंचर टूरिज्म के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 का आगाज हुआ। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुक्तेश्वर से साइकिल रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 658 किलोमीटर लंबी यह रोमांचक साइकिल यात्रा प्रदेश के 10 जिलों से होकर गुजरेगी और 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगी। प्रतियोगिता में 18 राज्यों के साथ वायुसेना, थलसेना और आइटीबीपी के कुल 66 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि उत्तराखंड में इस तरह के साहसिक खेलों का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव की बात है। मुक्तेश्वर जैसे खूबसूरत पर्यटन स्थल से प्रतियोगिता की शुरुआत होने से कुमाऊं क्षेत्र को भी नई पहचान मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि सरकार पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों को एक साथ जोड़कर विकास की दिशा में काम कर रही है। ऐसे आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए कुल 80 लोगों ने पंजीकरण कराया था, लेकिन विभिन्न कारणों से 14 प्रतिभागी हिस्सा नहीं ले रहे हैं। इस तरह 66 साइकिलिस्ट प्रतियोगिता में अपनी चुनौती पेश करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल साइकिलिंग प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि उत्तराखंड को माउंटेन बाइकिंग और साहसिक खेलों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और पर्यटन गतिविधियां केवल गर्मियों व चारधाम यात्रा तक सीमित नहीं रहेंगी। इससे ऑफ सीजन में भी होटल, होमस्टे और स्थानीय कारोबार को गति मिलेगी। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए गाइड, परिवहन, खानपान और पर्यटन सेवाओं के क्षेत्र में रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

गर्ब्याल के अनुसार प्रतियोगिता के माध्यम से देश-दुनिया के प्रतिभागियों को उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, खानपान, परंपराओं और प्राकृतिक संपदा से रूबरू कराया जाएगा। इसके साथ ही कम चर्चित पर्वतीय क्षेत्रों और ग्रामीण पर्यटन स्थलों को भी पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, केएमवीएन प्रबंधक मनीष सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, पर्यटन विकास परिषद सलाहकार समिति के सदस्य नितिन राणा और जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button