उत्तराखंड

राष्ट्रपति पुलिस निशान से अलंकृत हुई उत्तराखंड पुलिस, देश का 16वां राज्य बना

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रिजर्व पुलिस लाइन में किया सम्मानित, बोले- सेवा, अनुशासन और साहस की राष्ट्रीय मान्यता है यह उपलब्धि

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस के गौरवशाली इतिहास में शुक्रवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस निशान से अलंकृत किया। यह सम्मान पाने वाला उत्तराखंड देश का 16वां राज्य बन गया है। राज्य गठन के बाद पुलिस बल की 25 वर्षों की सेवा, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यों के सम्मान में यह निशान प्रदान किया गया।

समारोह में गृह मंत्री शाह ने पुलिस परेड का निरीक्षण किया और उत्तराखंड पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान प्रदेश के प्रत्येक पुलिस अधिकारी और जवान के लिए गौरव का क्षण है। चारधाम यात्रा, कुंभ और अन्य धार्मिक आयोजनों में लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ ही प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में पुलिस ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने साहस और समर्पण का परिचय दिया है।

शाह ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस ने नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन में भी उल्लेखनीय प्रयास किए हैं। आधुनिक तकनीक, फॉरेंसिक विज्ञान और डिजिटल प्रणाली के इस्तेमाल से जांच और न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आएगी। उन्होंने मई 2027 के बाद दर्ज होने वाले मामलों में तीन वर्ष के भीतर दोषियों को सजा दिलाने का लक्ष्य भी बताया। पुलिस, अभियोजन और न्यायालयों को डिजिटल माध्यम से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने कर्तव्य निर्वहन के दौरान बलिदान देने वाले उत्तराखंड पुलिस के 206 जवानों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही नशे और साइबर अपराध के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेलों में उत्तराखंड पुलिस के खिलाड़ियों के 37 पदक जीतने पर भी बधाई दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रपति पुलिस निशान को पुलिस की सेवा, समर्पण और अदम्य साहस की राष्ट्रीय मान्यता बताया। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के समय पुलिस बल में करीब 13 हजार जवान थे, जो अब बढ़कर 26 हजार से अधिक हो गए हैं। वर्तमान में पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी लगभग 14 प्रतिशत है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत पिछले चार वर्षों में सात हजार से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 307 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए। उन्होंने पुलिस के आधुनिकीकरण, प्रशिक्षण और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए उठाए जा रहे कदमों की भी जानकारी दी।

इस अवसर पर विशिष्ट एवं सराहनीय सेवा के लिए कई पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया। समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, तीरथ सिंह रावत और डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button