दिवाली से पहले राज्य कर्मचारियों को धामी सरकार का तोहफा, डीए में तीन प्रतिशत बढ़ोतरी
महंगाई भत्ता 60 से बढ़कर 63 प्रतिशत हुआ, एक जुलाई 2026 से मिलेगा लाभ; जुलाई से अक्टूबर तक का एरियर नकद देने का निर्णय

देहरादून। दिवाली से पहले उत्तराखंड के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में तीन प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद कर्मचारियों का महंगाई भत्ता मौजूदा 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा। बढ़ी हुई दर एक जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएगी।
सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के हजारों कर्मचारियों को त्योहार से पहले आर्थिक लाभ मिलेगा। खास बात यह है कि जुलाई से अक्टूबर तक की अवधि का बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता एरियर के रूप में नकद दिया जाएगा। इससे कर्मचारियों को एकमुश्त अतिरिक्त राशि मिलेगी, जबकि नवंबर से उन्हें बढ़ी हुई दर के अनुसार डीए का लाभ मिलेगा।
केंद्र के समान डीए देने की दिशा में फैसला
केंद्र सरकार की ओर से अपने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत वृद्धि कर इसे 63 प्रतिशत किए जाने के बाद उत्तराखंड सरकार ने भी राज्य कार्मिकों को इसी के अनुरूप लाभ देने का निर्णय लिया है। इसका दायरा केवल राज्य सरकार के नियमित कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा। स्थानीय निकायों, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, राजकीय विश्वविद्यालयों, प्राविधिक शिक्षण संस्थानों और यूजीसी वेतनमान के पात्र कर्मचारियों को भी बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ मिलेगा।
करीब साढ़े तीन लाख कर्मचारियों-पेंशनर्स को राहत
इस फैसले से प्रदेश के करीब साढ़े तीन लाख कर्मचारी और पेंशनर्स लाभान्वित होंगे। इनमें लगभग 1.70 लाख कर्मचारी, 1.35 लाख पेंशनर्स और निगमों से जुड़े करीब 35 हजार कर्मचारी शामिल हैं। महंगाई भत्ते में वृद्धि से कर्मचारियों की मासिक आय में उनके मूल वेतन के अनुपात में इजाफा होगा।
वेतन के अनुसार 600 से 5,000 रुपये तक का लाभ
तीन प्रतिशत डीए बढ़ने से कर्मचारियों को उनके वेतनमान के आधार पर करीब 600 रुपये से लेकर पांच हजार रुपये तक की अतिरिक्त मासिक राशि मिल सकती है। वास्तविक वृद्धि कर्मचारी के मूल वेतन पर निर्भर करेगी। वहीं, चार महीने का एरियर नकद मिलने से त्योहार के दौरान कर्मचारियों को अतिरिक्त आर्थिक सहारा मिलेगा।


