उत्तराखंड में टैक्स फ्री होगी ‘हनुमान अंश’ फिल्म, सीएम धामी ने की घोषणा
बाबा नीब करौरी महाराज के आध्यात्मिक जीवन और संदेश पर आधारित है फिल्म
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा नीब करौरी महाराज के आध्यात्मिक जीवन, विचारों और संदेश पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने फिल्म की विषयवस्तु की सराहना करते हुए इसे प्रदेश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज का आध्यात्मिक जीवन और उनका मानवता, सेवा एवं भक्ति का संदेश आज भी लाखों लोगों को प्रेरणा देता है। ऐसे महान संतों के जीवन और विचारों को फिल्म जैसे प्रभावशाली माध्यम के जरिए आमजन तक पहुंचाना सराहनीय प्रयास है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल प्राकृतिक सौंदर्य ही नहीं, बल्कि समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं की भूमि भी है। प्रदेश से जुड़ी ऐसी प्रेरणादायी कथाओं और विभूतियों को देश-दुनिया के सामने लाने में सिनेमा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में उत्तराखंड की आध्यात्मिक पहचान को व्यापक स्तर पर स्थापित करने के साथ ही प्रदेश की संस्कृति और धार्मिक विरासत के प्रति लोगों की रुचि बढ़ाने में भी सहायक होंगी।
फिल्म में बाबा नीब करौरी महाराज के आध्यात्मिक जीवन और उनके संदेश को केंद्र में रखा गया है। मुख्यमंत्री द्वारा फिल्म को उत्तराखंड में टैक्स फ्री किए जाने की घोषणा से फिल्म से जुड़े लोगों और बाबा के अनुयायियों में उत्साह है।सरकार के इस निर्णय को उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत, संत परंपरा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम के तौर पर देखा जा रहा है।



