उत्तराखंड

डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड के राज्यपाल पद की शपथ ली

संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और शिक्षा, स्वास्थ्य व जनकल्याण को गति देना प्राथमिकता

देहरादून। डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सोमवार को उत्तराखंड के राज्यपाल पद की शपथ ग्रहण की। लोक भवन में आयोजित समारोह में उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस मनोज कुमार तिवारी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल ने उत्तराखंड पुलिस के सम्मान गार्ड का निरीक्षण किया। इससे पहले मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राष्ट्रपति की ओर से जारी नियुक्ति अधिपत्र पढ़कर सुनाया।

शपथ ग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत में राज्यपाल डॉ. बिसेन ने देवभूमि उत्तराखंड की जनता को नमन करते हुए उन्हें प्रदेश की सेवा का अवसर देने के लिए देश के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल एक राज्य नहीं, बल्कि आस्था और संस्कृति का केंद्र है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री सहित अनेक पवित्र स्थल इसकी विशिष्ट पहचान हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। यहां के युवाओं, किसानों, मातृशक्ति और सेना में सेवाएं देने वाले लोगों का योगदान प्रदेश की ताकत है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उत्तराखंड के विकास संबंधी विजन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे।

शिक्षा और स्वास्थ्य पर रहेगा जोर

राज्यपाल ने कहा कि संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना और पद की गरिमा बनाए रखना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। राज्य सरकार और जनता के साथ मिलकर शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, पर्यावरण, रोजगार और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को गति देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देवभूमि की शांति, सुरक्षा और समृद्धि उनका ध्येय रहेगा।

समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत और विजय बहुगुणा सहित कई जनप्रतिनिधि, मंत्री, अधिकारी और विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। योग गुरु स्वामी रामदेव और परमार्थ निकेतन के प्रमुख स्वामी चिदानंद महाराज भी समारोह में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button