देवीधुरा में अब नहीं सताएगा जाम, बनेगी मल्टी लेवल पार्किंग
9.80 करोड़ की परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी, 83 कारों की पार्किंग के साथ शौचालय और केयरटेकर रूम की होगी सुविधा
देहरादून। चम्पावत के प्रसिद्ध देवीधुरा क्षेत्र में पार्किंग की समस्या जल्द दूर होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत ग्राम देचमार, तहसील पाटी में प्रस्तावित मल्टी लेवल पार्किंग परियोजना को विभागीय व्यय समिति ने 980.23 लाख रुपये (करीब 9.80 करोड़ रुपये) की औचित्यपूर्ण लागत पर सैद्धांतिक सहमति दे दी है। अब प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा जाएगा। वित्तीय स्वीकृति के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
मंगलवार को राज्य सचिवालय में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में परियोजना के तकनीकी, वित्तीय और भूमि संबंधी पहलुओं पर चर्चा की गई। बैठक में क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए पार्किंग की संरचना में बदलाव के निर्देश दिए गए। प्रस्तावित दोपहिया पार्किंग, दुकानों और कैफे का प्रावधान हटाकर अब मुख्य रूप से 83 कारों की पार्किंग पर फोकस किया गया है। पार्किंग परिसर में पर्याप्त शौचालय और केयरटेकर रूम की व्यवस्था भी अनिवार्य रूप से की जाएगी।
बग्वाल मेले में बढ़ता है वाहनों का दबाव
देवीधुरा में प्रसिद्ध बग्वाल मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। इस दौरान वाहनों का दबाव बढ़ने से सीमित पार्किंग व्यवस्था के कारण सड़क किनारे वाहन खड़े करने पड़ते हैं। इससे कई बार यातायात प्रभावित होने के साथ जाम की स्थिति भी पैदा होती है। वर्षभर पर्यटकों और श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए भी क्षेत्र में व्यवस्थित पार्किंग की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
मल्टी लेवल पार्किंग बनने के बाद वाहनों को निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की सुविधा मिलेगी। इससे मुख्य सड़क पर अनियंत्रित पार्किंग कम होने और यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है।
टीएसी जांच के बाद लागत में संशोधन
परियोजना के लिए पहले 994.80 लाख रुपये का आगणन तैयार किया गया था। पांच करोड़ रुपये से अधिक की लागत होने के कारण नियोजन विभाग के तकनीकी संप्रेक्षा प्रकोष्ठ से इसका परीक्षण कराया गया। परीक्षण के बाद 980.23 लाख रुपये की लागत को औचित्यपूर्ण पाया गया। इसी राशि पर विभागीय व्यय समिति ने सैद्धांतिक सहमति दी है।
पार्किंग के लिए ग्राम देचमार पट्टी देवीधुरा में 0.88 हेक्टेयर पंचायत वन भूमि चिन्हित की गई है। यह भूमि खाता-खतौनी संख्या 16 के खसरा संख्या 1864 में दर्ज है और देवीधुरा मेला क्षेत्र के निकट सड़क से लगी हुई है। वन विभाग की ओर से भी प्रकरण पर सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।
कैंपा मद की धनराशि भी लागत में शामिल
परियोजना में पर्यावरणीय प्रावधानों को भी शामिल किया गया है। प्रभागीय वनाधिकारी, चम्पावत की ओर से एनपीवीओ, क्षतिपूरक वनीकरण, मृदा एवं जल संरक्षण योजना तथा वन्यजीव प्रबंधन योजना के लिए 34.66 लाख रुपये कैंपा कोष में जमा किए जाने की अपेक्षा की गई है। यह राशि मूल आगणन में ही शामिल कर दी गई है, इसलिए इसके लिए अतिरिक्त बजट की मांग नहीं की जाएगी।
निर्माण से पहले सहायक भू-वैज्ञानिक, चम्पावत की भूगर्भीय निरीक्षण आख्या को भी ध्यान में रखा जाएगा। अधिकारियों को परियोजना में तकनीकी आवश्यकताओं और सुरक्षा मानकों का पूरा पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
क्षेत्रीय जरूरत के मुताबिक होगा निर्माण
सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि देवीधुरा में मल्टी लेवल पार्किंग क्षेत्र की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। इससे बग्वाल मेले समेत अन्य अवसरों पर बढ़ने वाले यातायात दबाव को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि परियोजना में अनावश्यक व्यावसायिक गतिविधियों को हटाकर क्षेत्र की वास्तविक जरूरत के अनुसार 83 कारों की पार्किंग का प्रावधान किया गया है। पार्किंग के साथ शौचालय और केयरटेकर रूम की सुविधा भी सुनिश्चित की जाएगी। इससे देवीधुरा आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।


