उत्तराखंड

भारी बारिश और यातायात दबाव को देखते हुए यूकेएसएसएससी की अभ्यर्थियों को सलाह

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने 14 जून को होने वाली स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से परीक्षा केंद्र वाले शहर में एक दिन पहले पहुंचने की अपील की है। आयोग ने मौसम विभाग की भारी वर्षा और आकाशीय बिजली की चेतावनी के साथ ही विभिन्न आयोजनों और पर्यटन सीजन के कारण यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए यह सलाह जारी की है।
आयोग के अनुसार मौसम विभाग ने 14 जून को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के दौरान राज्य के रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा नैनीताल जिले में नीम करौली बाबा के वार्षिकोत्सव तथा चारधाम यात्रा के चलते कई मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है।
यही नहीं,  13 और 14 जून को सप्ताहांत होने के कारण देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल सहित पर्वतीय जिलों में बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। ऐसे में दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थी परीक्षा तिथि से एक दिन पूर्व ही अपने परीक्षा केंद्र वाले शहर में पहुंचकर केंद्र का निरीक्षण कर लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आयोग ने सभी जिलों के पुलिस कंट्रोल रूम और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारियों के संपर्क नंबर भी जारी किए हैं, ताकि आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त की जा सके। आयोग ने अभ्यर्थियों से मौसम और यातायात संबंधी अपडेट पर नजर रखने तथा पर्याप्त समय लेकर यात्रा करने की भी सलाह दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button