
देहरादून। उत्तराखंड के जूनियर हाईस्कूल शिक्षकों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। शिक्षा विभाग द्वारा प्रस्तावित त्रिस्तरीय ढांचे में अब जूनियर हाईस्कूल शिक्षकों को भी शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही पुरानी पेंशन योजना से वंचित शिक्षकों को लाभ देने और अशासकीय विद्यालयों में पीटीए शिक्षकों की मांगों से जुड़े प्रस्तावों को जल्द ही कैबिनेट में लाया जाएगा। यह घोषणा प्रदेश के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज विधानसभा स्थित सभाकक्ष में विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान की।
मांगों पर हुई विस्तृत चर्चा
बैठक में शिक्षा मंत्री ने जूनियर हाईस्कूल शिक्षकों की 13 सूत्रीय मांगों पर विभागीय अधिकारियों के साथ बिंदुवार चर्चा की। शिक्षकों की मुख्य मांगों में प्रस्तावित त्रिस्तरीय ढांचे में जूनियर हाईस्कूल शिक्षकों को अनिवार्य रूप से शामिल करना, चुनाव आचार संहिता के कारण जिन जनपदों में शिक्षक समय पर योगदान नहीं दे पाए थे उन्हें भी अन्य शिक्षकों की भांति पुरानी पेंशन योजना का लाभ देना, संपूर्ण सेवाकाल में तीन पदोन्नति (प्रमोशन) की गारंटी देना तथा वर्तमान में सेवारत शिक्षकों को टीईटी परीक्षा से पूरी तरह छूट देना शामिल है।
दो सप्ताह में रिपोर्ट देगी नवगठित समिति
बैठक में डीएलएड प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षा मित्रों को समान कार्य के लिए समान वेतनमान देने, अशासकीय विद्यालयों के मानदेय प्राप्त शिक्षकों को तदर्थ नियुक्ति देने, तदर्थ शिक्षकों को नियमित करने और बिना मानदेय के काम कर रहे पीटीए शिक्षकों को मानदेय देने पर भी गंभीर विचार-विमर्श हुआ। इन सभी मामलों के निपटारे के लिए महानिदेशालय स्तर पर एक विशेष समिति का गठन करने का निर्णय लिया गया है, जिसमें औपबंधिक शिक्षकों के प्रतिनिधि भी शामिल रहेंगे। डॉ. रावत ने निर्देश दिए हैं कि यह समिति दो सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा को सौंपेगी, जिसके आधार पर विभाग आगे का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजेगा।
पदोन्नति और स्थानांतरण पर निकलेगा बीच का रास्ता
शिक्षकों के प्रमोशन और ट्रांसफर को लेकर भी बैठक में लंबा मंथन हुआ। कोर्ट में लंबित (विचाराधीन) मामलों को देखते हुए यह तय किया गया कि विभागीय अधिकारी एक आंतरिक बैठक करेंगे। इसमें कानूनी अड़चनों से इतर, शिक्षकों के हित में एक बीच का रास्ता निकालते हुए प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा, जिसके बाद सरकार इस पर कोई ठोस निर्णय लेगी।
बैठक में ये रहे मौजूद:
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रमुख सचिव विधायी अमित कुमार, सचिव विद्यालयी शिक्षा रविनाथ रमन, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा आकांक्षा कोण्डे, अपर सचिव वित्त गंगा प्रसाद, अपर सचिव कार्मिक गिरधारी सिंह रावत, अपर निदेशक के.एस. रावत और उप निदेशक जे.पी. काला सहित शिक्षा विभाग के तमाम उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।

