
देहरादून। बंजारेवाला गांव के पास सोमवार शाम तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक गुलफाम (20 वर्ष) की ट्रैक्टर के नीचे दबकर मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठा दोस्त बाल-बाल बच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार, तेलपुरा निवासी गुलफाम सोमवार शाम करीब पांच बजे अपने दोस्त के साथ ट्रैक्टर लेकर एक फार्म हाउस पर छोड़ने जा रहा था। बंजारेवाला गांव के पास पहुंचने पर ट्रैक्टर की रफ्तार तेज होने के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रैक्टर सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे में गुलफाम ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जबकि उसका दोस्त सुरक्षित बाहर निकल आया।
ट्रैक्टर पलटने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर बुग्गावाला पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद गुलफाम को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


