
देहरादून। अपनी समृद्ध जैव विविधता के लिए प्रसिद्ध टिहरी जिले में स्थित देवलसारी प्रकृति प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र है। रंग बिरंगी तितलियों का मोहक संसार तो हर किसी को आनंदित कर देता है। यदि प्रकृति के इन रंगों का करीब से दीदार करना चाहते हैं तो देवलसारी चले आइए। वहां जून में तितली महोत्सव होना है, जिसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं।
नैसर्गिक सौंदर्य से परिपूर्ण देवलसारी मसूरी-टिहरी मोटर मार्ग पर टिहरी जिला मुख्यालय से लगभग 85 किमी के फासले पर है। यह ऐसा स्थल है, जो हर मौसम में अनुकूल है। जैव विविधता और प्रकृति दोनों का यहां करीब से दीदार कर सकते हैं।
देवलसारी में वन्यजीव विविधता के साथ ही तितलियों का रंग बिरंगा संसार भी यहां बसता है। यहां नाना प्रकार की तितली प्रजातियां पाई जाती है। देवलसारी में करीब दो सौ प्रजाति की तितलियां और डेढ़ सौ प्रजाति के पक्षी मिलते हैं।
इसी मनोरम स्थली में देवलसारी पर्यावरण संरक्षण एवं विकास संस्थान प्रतिवर्ष तितली महोत्सव आयोजित करता है। इस बार यह जून माह में होना है। संस्थान के निदेशक अरुण गौड़ के अनुसार महोत्सव की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। देवलसारी को पहचान दिलाने में तितली महोत्सव का आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जैव विविधता की दृष्टि से शोध के लिए भी यह स्थल अहम है।