बेटी की पुकार पर पिघला पहाड़, 2.51 करोड़ जुटाकर पिता को सऊदी अरब से छुड़ाया
नौ साल से कानूनी अड़चनों में फंसे थे उत्तरकाशी के इंद्रमणि नौटियाल, जनसहयोग से जमा हुआ 9.84 लाख रियाल का मुआवजा; शुक्रवार को पहुंचे दिल्ली

उत्तरकाशी। एक बेटी की उम्मीद, नौ साल का लंबा इंतजार और हजारों लोगों का सामूहिक सहयोग। इस संघर्ष की आखिरकार सुखद परिणति हुई। सऊदी अरब में कानूनी अड़चनों के कारण वर्षों से फंसे उत्तरकाशी के इंद्रमणि नौटियाल शुक्रवार सुबह स्वदेश लौट आए। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कदम रखते ही उनके परिवार का नौ साल पुराना इंतजार खत्म हो गया। पिता की वापसी के लिए बेटी दीपिका नौटियाल की ओर से शुरू की गई मुहिम ने देश-विदेश के लोगों को जोड़ दिया। जनसहयोग से 2.51 करोड़ रुपये जुटाकर सऊदी अरब में मुआवजे की रकम जमा कराई गई, जिसके बाद उनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ।
गाजणा क्षेत्र के गोरसाड़ा गांव निवासी इंद्रमणि वर्ष 2018 में रोजगार की तलाश में सऊदी अरब गए थे। रियाद की एक निजी कंपनी में वह ट्रक चालक के रूप में काम कर रहे थे। वर्ष 2019 में उनके ट्रक की एक कार से भीषण टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार पांच सऊदी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ था। इस मामले में अदालत ने इंद्रमणि को करीब एक वर्ष की कैद की सजा सुनाई, जिसे उन्होंने पूरा कर लिया। लेकिन मुआवजे की भारी धनराशि जमा नहीं होने के कारण उनकी स्वदेश वापसी अटक गई।
9.84 लाख रियाल बना रिहाई में रोड़ा
अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी के अनुसार, हादसे के समय ट्रक का बीमा नहीं था। अदालत ने मृतकों के स्वजन को मुआवजा देने के लिए 9.84 लाख सऊदी रियाल जमा कराने का आदेश दिया था। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 2.51 करोड़ रुपये थी। परिवार के लिए इतनी बड़ी राशि जुटाना संभव नहीं था।
बेटी की अपील पर एकजुट हुए हजारों लोग
दीपिका ने पिता को वापस लाने की उम्मीद नहीं छोड़ी। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से मदद की अपील की। उनकी पुकार पर गांव के लोगों, सामाजिक संगठनों, प्रवासी भारतीयों और देश-विदेश में रहने वाले हजारों लोगों ने आर्थिक सहयोग दिया। उत्तराखंड सरकार ने भी दो लाख रुपये की सहायता दी। रोशन रतूड़ी ने धनराशि जुटाने और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आखिरकार जनसहयोग से मुआवजे की पूरी रकम जमा हुई और इंद्रमणि की घर वापसी संभव हो सकी। नौ साल बाद पिता को सामने देखकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं है। यह कहानी एक परिवार के संघर्ष के साथ उस सामूहिक संवेदना की भी मिसाल बन गई, जिसने मुश्किल वक्त में एक बेटी की उम्मीद टूटने नहीं दी।



