पांच लाख महिलाओं को आर्थिक संबल देगी धामी सरकार, दिसंबर में मिलेगी बैणी-भुली योजना की पहली किस्त
पीपलकोटी में मातृशक्ति सम्मेलन में मुख्यमंत्री की घोषणा, दो किस्तों में सीधे बैंक खातों में पहुंचेगी प्रोत्साहन राशि, 149.77 करोड़ की 30 विकास योजनाओं की सौगात, महिला स्वरोजगार से लेकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर

गोपेश्वर। उत्तराखंड में महिला सशक्तीकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता को नई गति देने के लिए सरकार पांच लाख से अधिक महिलाओं को बैणी-भुली योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने जा रही है। योजना की पहली किस्त दिसंबर में जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को चमोली जिले के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र महिलाओं को दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित होगी। सरकार का मानना है कि इस पहल से महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिलने के साथ उनकी आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी भी बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति प्रदेश की सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक पहचान की आधारशिला है। पहाड़ की महिलाएं खेती-किसानी, पशुपालन, परिवार के भरण-पोषण और पर्यावरण संरक्षण से लेकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने तक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ऐसे में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना केवल कल्याणकारी कदम नहीं, बल्कि प्रदेश के समग्र विकास की आवश्यकता है।
उन्होंने चमोली की धरती से जुड़े चिपको आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण के लिए जिस साहस और संकल्प का परिचय दिया, वह आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा है। सरकार इसी मातृशक्ति को स्वरोजगार, स्थानीय उत्पादों और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं और बालिकाओं के हित में संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान भी किया गया है।
कृषि, पशुपालन और स्वरोजगार में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित
मातृशक्ति सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। इनमें महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्ष उत्तरा देवी, पाखी की अध्यक्ष मीना देवी, मधुमक्खी पालन में भुवना देवी, खेती में रामेश्वरी देवी, बांस उत्पाद निर्माण में उषा देवी और प्राकृतिक खेती में लीला देवी शामिल रहीं। इसके अलावा कृषि, खेल, स्वरोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं और छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
चमोली को 149.77 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के लिए 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें 133.59 करोड़ रुपये की 16 योजनाओं का शिलान्यास और 16.18 करोड़ रुपये की 14 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। उन्होंने हेलंग-डूंगरी बरोसी, गोपेश्वर-पोखरी और त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्गों के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा भी की।
सम्मेलन में महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण, स्थानीय आजीविका, ग्रामीण विकास और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं भी केंद्र में रहीं।



