उत्तराखंडविविध

नीम की उन्नत पौध तैयार करने में एफआरआई को बड़ी सफलता, एक पौधे से सालभर में बनेंगे 30 क्लोन

टिश्यू कल्चर और मिनी कटिंग तकनीक का संयुक्त प्रयोग; शुरुआती परीक्षण में 95 से 100 प्रतिशत तक मिली सफलता, दूसरे साल से फल देने वाली किस्मों का भी होगा तेजी से संवर्धन

देहरादून। औषधीय गुणों से भरपूर नीम अब किसानों की आमदनी बढ़ाने और व्यावसायिक खेती का मजबूत आधार बन सकता है। नीम की उन्नत किस्मों के बड़े पैमाने पर उत्पादन की दिशा में वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआइ), देहरादून के वैज्ञानिकों ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्थान ने ऐसी तकनीक विकसित की है, जिसके माध्यम से एक नीम के पौधे से सालभर में करीब 30 नए पौधे तैयार किए जा सकेंगे। टिश्यू कल्चर और मिनी कटिंग विधि के संयुक्त इस्तेमाल से विकसित इस तकनीक के शुरुआती परीक्षण में 95 से 100 प्रतिशत तक सफलता मिली है। इससे न केवल गुणवत्तापूर्ण पौधों की उपलब्धता बढ़ेगी, बल्कि नीम की उन्नत किस्मों के व्यावसायिक उत्पादन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

इस तकनीक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें बीज के बजाय चयनित श्रेष्ठ गुणों वाले मूल पौधे से नए पौधे तैयार किए जाते हैं। क्लोनिंग के माध्यम से मूल पौधे के उपयोगी आनुवंशिक गुणों को नई पौध में बनाए रखने में मदद मिलती है। सामान्य तौर पर बीज से तैयार पौधों में गुणों की भिन्नता देखने को मिल सकती है, जबकि क्लोनिंग से चयनित किस्म के गुणों को संरक्षित रखने की संभावना बढ़ जाती है। इससे अधिक उत्पादन क्षमता, जल्दी फल देने और बेहतर गुणवत्ता वाली नीम की पौध बड़े स्तर पर तैयार की जा सकेगी।

छह साल के बजाय दूसरे साल से फल देने वाली किस्मों पर जोर

एफआरआइ के वन आनुवंशिकी प्रभाग के वैज्ञानिक डॉ. अजय ठाकुर के अनुसार, इस शोध का प्रमुख उद्देश्य नीम की ऐसी उन्नत किस्मों का संरक्षण और संवर्धन करना है, जिनमें कम समय में फल देने तथा अधिक उत्पादन की क्षमता हो। संस्थान ने ऐसी चयनित किस्मों की पहचान की है, जो सामान्य नीम के पौधों की तुलना में काफी जल्दी फल देना शुरू कर देती हैं। जहां सामान्य तौर पर नीम के पौधे छह साल में फल देना शुरू करते हैं, वहीं चयनित किस्मों में दूसरे साल से ही फल आने लगते हैं। क्लोनिंग तकनीक से इन विशेष गुणों को अगली पीढ़ी के पौधों में बनाए रखने में मदद मिलेगी।

मिनी कटिंग से तैयार होती हैं नई जड़ें

नई तकनीक में मूल पौधे की शाखाओं से कली युक्त तने के छोटे-छोटे टुकड़े काटे जाते हैं। इन कटिंग को पहले फफूंदनाशक से उपचारित किया जाता है और फिर जड़ विकसित करने वाले हार्मोन में डुबोया जाता है। इसके बाद इन्हें वर्मीकुलाइट नामक माध्यम में लगाया जाता है। अनुकूल परिस्थितियों में 21 दिन से एक महीने के भीतर इनमें जड़ें निकलनी शुरू हो जाती हैं। एफआरआइ में फिलहाल एक पौधे से पहले वर्ष में चार से पांच बार कटिंग प्राप्त की जा रही है। पौधे के परिपक्व होने के साथ कटिंग की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसी प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से अपनाकर एक मूल पौधे से सालाना करीब 30 नए पौधे तैयार करने का लक्ष्य है।

जैविक खेती से लेकर औषधि उद्योग तक बढ़ेगी उपयोगिता

नीम की बढ़ती व्यावसायिक उपयोगिता को देखते हुए इस तकनीक का महत्व और बढ़ जाता है। जैविक खेती में प्राकृतिक कीटनाशक के रूप में नीम का व्यापक इस्तेमाल होता है। इसके अलावा नीम कोटेड यूरिया, कीटनाशक, औषधियों और व्यक्तिगत देखभाल से जुड़े उत्पादों में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। नीम के तेल में मौजूद एजाडिरेक्टिन और निम्बिन जैसे सक्रिय तत्व करीब 700 प्रजातियों के कीटों को दूर रखने में सहायक माने जाते हैं। ऐसे में उन्नत किस्मों की गुणवत्तापूर्ण पौध उपलब्ध होने से कृषि, वानिकी और औषधीय उत्पादों से जुड़े क्षेत्रों को लाभ मिल सकता है। खासकर किसान नीम आधारित उत्पादों के लिए कच्चे माल की उपलब्धता बढ़ाने में योगदान दे सकेंगे।

दो माह में विकसित होने लगती हैं नई शाखाएं

इस तकनीक में जुलाई के आसपास मानसून के दौरान शुरुआती कटिंग लगाई जाती हैं। इन्हें छह से सात महीने तक विकसित किया जाता है। जब पौधे करीब एक मीटर ऊंचे हो जाते हैं तो सर्दियों में इन्हें जमीन या ग्रो बैग में स्थानांतरित कर दिया जाता है। जनवरी में पौधे के तने को जमीन से लगभग 45 से 50 सेंटीमीटर की ऊंचाई पर काट दिया जाता है। इससे निचले हिस्से से नई शाखाएं निकलने लगती हैं। मौसम अनुकूल रहने पर करीब हर दो महीने में नई शाखाएं विकसित हो जाती हैं। इन्हीं शाखाओं से आगे की कटिंग लेकर नए पौधे तैयार किए जाते हैं।

इफको के सहयोग से 2016 में शुरू हुआ शोध

नीम की उन्नत पौध तैयार करने का यह शोध कार्यक्रम वर्ष 2016 में भारतीय किसान उर्वरक सहकारी लिमिटेड (इफको) के सहयोग से शुरू किया गया था। इस परियोजना पर अब तक पांच करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं। कार्यक्रम को अगले पांच वर्षों के लिए और विस्तार दिया गया है। इससे नीम की चयनित किस्मों के संरक्षण, तकनीक के विकास और बड़े स्तर पर पौध उत्पादन की संभावनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button