गढ़वाल

उत्तराखंड को देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में शामिल करना लक्ष्य: धामी

मुख्यमंत्री ने गौचर मेले का किया शुभारंभ, बोले- विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय परंपराओं का संरक्षण भी प्राथमिकता

गौचर। उत्तराखंड को देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में शामिल करने का लक्ष्य केवल विकास योजनाओं और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तक सीमित नहीं है। सरकार विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय परंपराओं और जनभावनाओं को भी समान महत्व दे रही है। यह बात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का शुभारंभ करते हुए कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुआ यह आयोजन आज औद्योगिक और सांस्कृतिक पहचान बना चुका है। ऐसे मेले स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का अवसर देते हैं। साथ ही प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को भी मजबूती प्रदान करते हैं।

धामी ने कहा कि युवाओं को गांवों में ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प को बढ़ावा दिया जा रहा है। चमोली के ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड शुरू किया गया है। इसका कारोबार छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है।

उन्होंने सीमांत क्षेत्रों के विकास, बदरीनाथ सड़क संपर्क में सुधार और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को क्षेत्र की आर्थिकी के लिए महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए जरूरी है।

सिमली अस्पताल के समाधान को बनेगी कमेटी

मुख्यमंत्री ने सिमली अस्पताल से जुड़ी स्थानीय मांग के समाधान के लिए शीघ्र कमेटी गठित करने की बात कही। साथ ही प्रेस क्लब भवन के लिए उपयुक्त भूमि चयनित करने का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने 32.45 करोड़ रुपये की गौचर नगरीय पेयजल योजना और 4.59 करोड़ रुपये से अधिक की गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्यों का लोकार्पण किया।

पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में दो सम्मान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए चमोली के ग्राम बमोथ निवासी वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया। वहीं, देहरादून के बिनसर पब्लिकेशन के वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान’ प्रदान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button