नशामुक्ति अभियान की कमान संभालें युवा : धामी
मुख्यमंत्री ने ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड वॉकथॉन’ को दिखाई हरी झंडी, योग और व्यायाम को जीवनशैली में शामिल करने का किया आह्वान

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से नशामुक्ति अभियान का नेतृत्व करने और समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा दायित्व है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को डॉ. बीआर आंबेडकर ग्राउंड, ओएनजीसी, देहरादून में ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड वॉकथॉन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागियों को नशामुक्त उत्तराखंड की शपथ भी दिलाई।
धामी ने कहा कि वॉकथॉन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ, जागरूक और सशक्त उत्तराखंड के निर्माण का संदेश है। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को नुकसान पहुंचाने के साथ उसके परिवार और पूरे समाज को भी प्रभावित करता है। युवाओं की ऊर्जा, क्षमता और प्रतिभा प्रदेश के विकास में लगनी चाहिए, न कि नशे की गिरफ्त में।
उन्होंने युवाओं से खेलकूद, योग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा अच्छी संगति और सकारात्मक सोच अपनाने की अपील की। साथ ही अपने साथियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्ति का संदेश विद्यालयों, महाविद्यालयों, कार्यस्थलों और खेल मैदानों से होते हुए हर घर तक पहुंचाना होगा। राज्य सरकार नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई के साथ जागरूकता, उपचार और पुनर्वास पर भी ध्यान दे रही है। नशे की लत से प्रभावित लोगों को समय पर परामर्श और परिवार का सहयोग मिलना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सरकार, समाज और युवाओं के सामूहिक प्रयासों से ही नशामुक्त उत्तराखंड का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक सविता कपूर, राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा, डॉ. विकास लोईवाल और ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह बिष्ट सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।



