कुमाऊँ

बाजपुर में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, सूचना मिलते ही किसानों के बीच पहुंचे धामी

खराब मौसम के बावजूद हेलीकॉप्टर का रुख बाजपुर की ओर कराया, प्रभावित खेतों का किया निरीक्षण

बाजपुर/देहरादून। ऊधम सिंह नगर के बाजपुर क्षेत्र में शुक्रवार को हुई भीषण ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा। दोपहर करीब 12 बजे ओलावृष्टि की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रभावित किसानों के बीच पहुंच गए। हल्द्वानी से देहरादून लौटते समय जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने खराब मौसम के बावजूद हेलीकॉप्टर का रुख बाजपुर की ओर कराया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद खेतों में पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और किसानों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री ने प्रभावित किसानों से संवाद कर ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में फसलों के नुकसान का आकलन प्राथमिकता के आधार पर तत्काल किया जाए, ताकि किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में देरी न हो।

नुकसान के आकलन में तेजी लाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है। किसानों के हितों की रक्षा और उन्हें राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सर्वेक्षण से लेकर राहत संबंधी कार्रवाई तक सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रभावित किसानों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। नुकसान का आकलन पारदर्शी तरीके से करते हुए नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम किया जाए। अब किसानों को फसलों के नुकसान के आकलन और राहत संबंधी कार्रवाई का इंतजार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button