उत्तराखंड

राष्ट्रपति भवन के ‘एट होम’ रिसेप्शन में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी अल्मोड़ा की गर्विता भाकुनी, देशभर से चुने गए सिर्फ पांच युवा आपदा मित्र कैडेट्स में शामिल

एनसीसी की युवा आपदा मित्र कैडेट हैं गर्विता, सीएम धामी बोले- यह उत्तराखंड के युवाओं की सेवा भावना और अनुशासन का सम्मान

देहरादून: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ‘एट होम’ रिसेप्शन में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व अल्मोड़ा की गर्विता भाकुनी करेंगी। लोअर मॉल रोड, अल्मोड़ा निवासी गर्विता का चयन देशभर के केवल पांच युवा आपदा मित्र कैडेट्स में हुआ है। उनके चयन को प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

गर्विता राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की युवा आपदा मित्र कैडेट हैं। इस विशेष समारोह के लिए उत्तराखंड के अलावा कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मिजोरम और नागालैंड से भी एक-एक कैडेट का चयन किया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गर्विता को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उत्तराखंड के युवाओं की सेवा भावना, अनुशासन और आपदा प्रबंधन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा में स्थानीय समुदाय सबसे पहला प्रतिक्रियादाता होता है। यदि युवाओं को पहले से प्रशिक्षित किया जाए तो राहत एवं बचाव कार्य अधिक प्रभावी, त्वरित और सुरक्षित बनाए जा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी उद्देश्य से राज्य सरकार युवाओं को आपदा प्रबंधन तंत्र से जोड़ रही है, ताकि वे संकट के समय प्रशासन का सहयोग करने के साथ-साथ समाज में आपदा जोखिम को कम करने में भी अहम भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि आपदा संवेदनशील उत्तराखंड में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों का मजबूत नेटवर्क भविष्य की चुनौतियों से निपटने में बेहद उपयोगी साबित होगा।

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के सहयोग से संचालित युवा आपदा मित्र योजना के तहत उत्तराखंड में 4,310 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें एनसीसी, एनएसएस, मेरा युवा भारत (एमवाईबी) और भारत स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवक शामिल हैं। अब तक करीब 2,700 युवाओं को खोज एवं बचाव, प्राथमिक उपचार, निकासी, आपातकालीन प्रतिक्रिया, सामुदायिक जागरूकता और आपदा जोखिम न्यूनीकरण का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

गर्विता बोलीं- यह पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण
गर्विता भाकुनी ने कहा कि राष्ट्रपति भवन में आयोजित ‘एट होम’ रिसेप्शन में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि युवा आपदा मित्र के रूप में मिले प्रशिक्षण ने उन्हें समाज सेवा का आत्मविश्वास और जिम्मेदारी का एहसास कराया है। भविष्य में भी वह आपदा प्रबंधन और जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहकर अन्य युवाओं को इस अभियान से जोड़ने के लिए प्रेरित करती रहेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button