कर हस्तांतरण में उत्तराखंड को 1244 करोड़, सीएम धामी ने प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री का जताया आभार
देहरादून: केंद्र सरकार ने कर हस्तांतरण प्रक्रिया के तहत उत्तराखंड को 1244 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से जारी की गई यह धनराशि राज्य की विकास योजनाओं को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि इससे पहले से संचालित विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ नई योजनाओं को शुरू करने में भी सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार उत्तराखंड के विकास के लिए लगातार सहयोग कर रही है। कर हस्तांतरण के माध्यम से प्राप्त यह राशि राज्य की वित्तीय व्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी और आधारभूत ढांचे, जनकल्याण तथा विकास से जुड़ी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने में मददगार साबित होगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनहित और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करेगी, ताकि प्रदेश के सभी क्षेत्रों तक विकास का लाभ पहुंच सके।


