उत्तराखंड

हरिद्वार अर्द्धकुंभ में ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ की होगी धमाकेदार एंट्री, श्रद्धालुओं के लिए आएगा स्पेशल पूजा बॉक्स

हरिद्वार। अगले वर्ष हरिद्वार में होने वाला अर्द्धकुंभ मेला सिर्फ आस्था का संगम नहीं होगा, बल्कि उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों के लिए भी एक बड़ा वैश्विक मंच बनेगा। राज्य के अंब्रेला ब्रांड ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ने मेले को लेकर खास तैयारियां शुरू कर दी हैं। श्रद्धालुओं के लिए पहली बार एक विशेष पूजा बॉक्स तैयार किया जा रहा है, जिसमें गंगाजल, वैजयंती माला, बुरांश की धूप और हवन सामग्री जैसे धार्मिक महत्व के उत्पाद शामिल होंगे।

पूजा भी आसान, उत्तराखंड की पहचान भी साथ
हाउस ऑफ हिमालयाज का यह पूजा बॉक्स श्रद्धालुओं को एक ही पैक में पूजा की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराएगा। आकर्षक पैकेजिंग के साथ तैयार किए जा रहे इस बॉक्स का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुविधा देने के साथ-साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक और पारंपरिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाना है।

अर्द्धकुंभ में लगेगा ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ का मेगा स्टॉल
मेले में हाउस ऑफ हिमालयाज का विशेष स्टॉल लगाया जाएगा, जहां ब्रांड के तहत तैयार किए गए 75 से अधिक स्थानीय उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। उम्मीद है कि देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालु इन उत्पादों को खरीदकर उत्तराखंड की खुशबू अपने साथ ले जाएंगे

VVIP मेहमानों को भी मिल सकते हैं उत्तराखंड के खास उपहार
हाउस ऑफ हिमालयाज अर्द्धकुंभ में आने वाले विशिष्ट अतिथियों को अपने उत्पाद उपहार स्वरूप देने की तैयारी भी कर रहा है। इसके लिए हरिद्वार कुंभ मेला प्रशासन के साथ बातचीत चल रही है। यदि यह योजना अमल में आती है तो उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान मिलेगी।

पीएम मोदी ने किया था ब्रांड का शुभारंभ
दिसंबर 2023 में देहरादून में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाउस ऑफ हिमालयाज का शुभारंभ किया था। अप्रैल 2024 में ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत कंपनी का गठन हुआ और जनवरी 2025 से इसने औपचारिक रूप से काम शुरू किया। आज यह ब्रांड अमेरिका और कनाडा तक अपने उत्पाद पहुंचा चुका है। कंपनी अब तक करीब 6 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुकी है और अब न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया तथा यूरोपीय देशों में विस्तार की तैयारी में जुटी है।

अर्द्धकुंभ हमारे लिए बड़ा अवसर
हाउस ऑफ हिमालयाज की प्रबंध निदेशक झरना कमठान के मुताबिक, अर्द्धकुंभ मेला उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान दिलाने का बेहतरीन अवसर है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए विशेष पूजा बॉक्स, बिक्री स्टॉल और अन्य प्रचार गतिविधियों की व्यापक योजना बनाई जा रही है।

योजना एक नजर में
श्रद्धालुओं के लिए तैयार होगा स्पेशल पूजा बॉक्स।
गंगाजल, वैजयंती माला, बुरांश की धूप और हवन सामग्री होगी शामिल।
अर्द्धकुंभ मेले में लगेगा हाउस ऑफ हिमालयाज का विशेष स्टॉल।
75 से अधिक स्थानीय उत्पाद होंगे बिक्री के लिए उपलब्ध।
VVIP अतिथियों को उपहार देने के लिए मेला प्रशासन से चल रही बातचीत।
अब तक करीब 6 करोड़ रुपये का कारोबार, विदेशों में भी बढ़ रही पहुंच।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button