कांवड़ मेला 2026: पांच अगस्त से हाईवे पर भारी वाहनों की नो-एंट्री, 29 जुलाई से चार अगस्त तक सिर्फ चार घंटे की मिलेगी अनुमति
हरिद्वार पुलिस ने जारी किया ट्रैफिक प्लान, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर कांवड़ वाहनों का प्रवेश भी रहेगा प्रतिबंधित
हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 को लेकर हरिद्वार पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है। लाखों कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों के संचालन पर चरणबद्ध तरीके से रोक लगाई जाएगी। 29 जुलाई से चार अगस्त तक भारी वाहन केवल रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक ही हाईवे पर चल सकेंगे, जबकि पांच अगस्त से 11 अगस्त तक भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।
पुलिस ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर कांवड़ वाहनों के प्रवेश पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि मेले के दौरान यात्रा करने से पहले ट्रैफिक प्लान और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
श्रावण और शिवरात्रि को देखते हुए विशेष व्यवस्था
इस वर्ष श्रावण मास की शुरुआत 28 जुलाई से हो रही है। श्रावण के चार सोमवार 3, 10, 17 और 24 अगस्त को पड़ेंगे, जबकि 11 अगस्त को श्रावण शिवरात्रि का मुख्य पर्व मनाया जाएगा। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने चरणबद्ध रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू की है।
कांवड़ वाहनों के लिए अलग रूट तय
सहारनपुर और यमुनानगर की ओर से आने वाले कांवड़ वाहन मंडावर, सालियर चौक, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम चौक, नगला इमरती, लक्सर और एसएम तिराहे से होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग पहुंचेंगे।
यदि यातायात का दबाव बढ़ता है तो दिल्ली, मेरठ और मुजफ्फरनगर से आने वाले कांवड़ वाहनों को रामपुर तिराहा, कोलकी टोल प्लाजा, बड़कलां और मंडावर के रास्ते बैरागी कैंप भेजा जाएगा।
वहीं मुरादाबाद, बिजनौर और नजीबाबाद की ओर से आने वाले वाहनों को चिड़ियापुर, गैण्डीखाता और 4.2 डायवर्जन के रास्ते गौरीशंकर और नीलधारा पार्किंग में पार्क कराया जाएगा।
देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले कांवड़ वाहन नेपाली तिराहा, सप्तऋषि तिराहा और दूधाधारी फ्लाईओवर से होकर चमगादड़ टापू और लालजीवाला पार्किंग तक पहुंचेंगे।
बैरागी कैंप से इस मार्ग से होगी निकासी
बैरागी कैंप में पार्क किए गए सभी कांवड़ वाहनों की निकासी श्मशान घाट पुल, श्रीयंत्र पुल, बूढ़ी माता तिराहा, देशरक्षक मार्ग और सिंहद्वार होते हुए एनएच-334 से कराई जाएगी, ताकि शहर के भीतर यातायात का दबाव कम रहे।
पुलिस की अपील
हरिद्वार पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम लोगों से अपील की है कि कांवड़ मेले के दौरान यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी जरूर लें। इससे अनावश्यक जाम से बचा जा सकेगा और यात्रा अधिक सुरक्षित व सुगम होगी।


