यूटीयू सेमेस्टर परीक्षा का पेपर लीक करने के आरोप में सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार, व्हाट्सएप ग्रुप से साझा किए थे प्रश्न
देहरादून। उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सम-सेमेस्टर परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करने के मामले में देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा के एक सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने परीक्षा से पहले व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से छात्रों के साथ ऐसे प्रश्न साझा किए, जिनकी परीक्षा के प्रश्नपत्र से काफी समानता पाई गई।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को यूटीयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल ने कोतवाली प्रेमनगर में तहरीर देकर बताया कि विश्वविद्यालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ था, जिसमें 3 जुलाई को शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के सहायक प्रोफेसर द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप पर महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए जाने की जानकारी दी गई थी। 8 जुलाई को आयोजित परीक्षा के बाद जब इन प्रश्नों का प्रश्नपत्र से मिलान किया गया तो दोनों में काफी समानता मिली।
विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच समिति की जांच में भी यह तथ्य सामने आया कि सहायक प्रोफेसर ने परीक्षा से पहले छात्रों के आंतरिक पोर्टल और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से परीक्षा से संबंधित समान प्रश्न साझा किए थे। इसे परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग कर छात्रों को अनुचित लाभ पहुंचाने का प्रयास माना गया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली प्रेमनगर में मुकदमा संख्या 144/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316, 318(4) और 61(2) में मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित जांच करते हुए साक्ष्य एकत्र किए। गवाहों के बयान, दस्तावेजी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर नामजद आरोपी आशीष कुमार गुप्ता (40), सहायक प्रोफेसर, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी मूल रूप से शाकुंभरी विहार, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है। साथ ही मामले में अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


