उत्तराखंड

गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार को मिली डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र की सौगात

गढ़वाल क्षेत्र के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर पासपोर्ट सेवाओं की सुविधा, विदेश मंत्रालय एवं डाक विभाग की संयुक्त पहल से सेवा विस्तार

कोटद्वार। शनिवार को विदेश मंत्रालय एवं भारतीय डाक विभाग के संयुक्त तत्त्वावधान में गढ़वाल संसदीय क्षेत्र के नागरिकों को पासपोर्ट सेवाएं सुलभ रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डाक घर पासपोर्ट सेवा केंद्र, कोटद्वार का लोकार्पण पबित्र मार्घेरिटा, विदेश एवं वस्त्र राज्य मंत्री ने अनिल बलूनी, लोक सभा सांसद, गढ़वाल, उत्तराखंड की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर ऋतु खंडूरी भूषण, विधायक कोटद्वार एवं उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष; दिलीप सिंह रावत, विधायक लैंसडाउन; राज कुमार पोरी, विधायक पौड़ी तथा शैलेन्द्र सिंह रावत, महापौर कोटद्वार भी उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री पबित्र मार्घेरिटा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में विदेश मंत्रालय द्वारा नागरिकों को पासपोर्ट सेवाएं उनके निकटतम स्थानों पर उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पासपोर्ट सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत देशभर में 450 से अधिक POPSK एवं 93 PSK संचालित किए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों को त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं मिल रही हैं। उन्होंने इस केंद्र की स्थापना में योगदान के लिए सांसद श्री अनिल बलूनी का विशेष आभार व्यक्त किया।

सांसद अनिल बलूनी ने अपने संबोधन में कहा कि इस केंद्र के प्रारंभ होने से कोटद्वार एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को अब पासपोर्ट सेवाओं के लिए दूरस्थ शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। उन्होंने विदेश मंत्रालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंत्रालय देश-विदेश में भारतीय नागरिकों को समय पर सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में उत्साह एवं प्रसन्नता का वातावरण रहा और इस पहल को क्षेत्र के विकास तथा नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

कार्यक्रम के समापन पर डाक घर पासपोर्ट सेवा केंद्र, कोटद्वार में प्राप्त आवेदनों के कुछ आवेदकों को प्रतीकात्मक रूप से पासपोर्ट वितरित किए गए। इस केंद्र के संचालन से क्षेत्रीय नागरिकों को पासपोर्ट सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी, जिससे समय एवं संसाधनों की बचत सुनिश्चित होगी और सेवाओं की पहुंच अधिक सुदृढ़ होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button