
देहरादून। राज्य में 100 नगर निकायों के चुनाव में उम्मीदवारों को लेकर नाम वापसी के बाद तस्वीर साफ हो गई है। महापौर पदों पर 72 अध्यक्ष पदों पर 442 और पार्षद-सभासद के पदों पर 4885 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। सभी उम्मीदवारों को शुक्रवार को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए। इसके साथ ही निकायों में चुनाव को लेकर राजनीतिक गर्माहट भी घुलने लगी है।
नगर निकाय चुनाव में भाजपा को मतदान से पहले ही एक नगर पालिका और दो नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर सफलता मिल गई है। इनमें नगर पालिका परिषद देवप्रयाग (टिहरी गढ़वाल) के अध्यक्ष पद पर ममता देवी, नगर पंचायत नानकमत्ता (ऊधम सिंह नगर ) के अध्यक्ष पद पर प्रेम सिंह टूरना और दिनेशपुर (ऊधम सिंह नगर ) नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर मंजीत कौर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। इसके अलावा पार्षद और सभासद पद पर 44 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
निकाय चुनाव की राजनीतिक तस्वीर देखें तो अधिकांश नगर निकायों में भाजपा और कांग्रेस के बीच ही आमने-सामने का मुकाबला है। नाम वापसी के बाद अब महापौर पद पर 72 अध्यक्ष पद पर 442 और पार्षद-सभासद पद पर 4885 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। सभी पदों पर कुल प्रत्याशियों संख्या 5399 है।