देहरादून। विधानसभा की बदरीनाथ और मंगलौर सीटों के उपचुनाव में भाजपा को झटका लगा है। दोनों सीटों पर जीत का सेहरा कांग्रेस प्रत्याशियों के सिर बंधा है। बदरीनाथ से लखपत बुटोला और मंगलौर से काजी निजामुद्दीन निर्वाचित घोषित किए गए है। इसके साथ ही 70 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की संख्या बढ़कर अब 20 हो गई है।
विधानसभा की दोनों सीटों के उपचुनाव के लिए 10 जुलाई को मतदान हुआ था। शनिवार को मतगणना हुई। नतीजे कांग्रेस के पक्ष में रहे। बदरीनाथ सीट से भाजपा ने पूर्व विधायक राजेन्द्र भंडारी को मैदान में उतारा था। भंडारी लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे, तब वह बदरीनाथ सीट से विधायक थे। उनके त्यागपत्र के बाद यह सीट रिक्त हुई थी। भाजपा ने उन्हें ही मैदान में उतारा, लेकिन वह कांग्रेस प्रत्याशी लखपत बुटोला से पार नहीं पा पाए और उपचुनाव हार गए।
मंगलौर सीट बसपा विधायक सरवत करीम अंसारी के निधन के कारण रिक्त हुई थी। इस सीट के उपचुनाव में कांग्रेस ने पूर्व विधायक काजी निजामुद्दीन को मैदान में उतारा और उन्होंने भाजपा के करतार सिंह भड़ाना को कांटे के मुकाबले में हरा दिया। काजी निजामुद्दीन मात्र 449 मतों के अंतर से विजयी हुए।