उत्तराखंड

प्रवासियों के अनुभव और सामर्थ्य से मिलेगी उत्तराखंड के विकास को नई गति : धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बोले- अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़े रहें प्रवासी, विकास में निभाएं सक्रिय भागीदारी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी राज्य की अमूल्य निधि हैं। उनकी प्रतिभा, अनुभव, ज्ञान और सामर्थ्य का लाभ प्रदेश के विकास को नई गति दे सकता है। सरकार के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही विकसित उत्तराखंड का संकल्प साकार होगा। उन्होंने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर विकास में योगदान देने वाले 30 प्रवासियों का विशेष आभार जताया।

शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से पहुंचे प्रवासियों का स्वागत करते हुए कहा कि सम्मेलन में ऐसा लग रहा है, जैसे एक परिवार के सदस्य लंबे समय बाद अपने घर में एकत्र हुए हों। उन्होंने प्रवासियों से अपनी संस्कृति, परंपराओं और जड़ों से जुड़े रहने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, पर्यटन और उद्यमिता के क्षेत्र में योगदान देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में विकास की गति तेज हुई है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। प्रदेश में 3.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के उत्पादों की बिक्री छह करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गई है। कृषि और बागवानी को बढ़ावा देने के लिए एप्पल, कीवी और तिमुर मिशन संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, रेल, हवाई संपर्क और पेयजल परियोजनाओं के विस्तार से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि राज्य गठन के बाद उत्तराखंड में सड़क संपर्क का तेजी से विस्तार हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने प्रदेश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को इसकी पहचान बताया।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने प्रवासियों को राज्य का ब्रांड एंबेसडर बताते हुए उनसे प्रवासी उत्तराखंड परिषद की वेबसाइट पर पंजीकरण कराने और निवेश के लिए आगे आने की अपील की।

प्रवासी बोले, जन्मभूमि से बना रहेगा नाता

केंद्रीय सचिव सुधांश पंत ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से उनके पैतृक गांव तक सड़क पहुंची है। अब वह 120 साल पुराने पैतृक आवास का पुनर्निर्माण करा रहे हैं। प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी ने कविता के माध्यम से उत्तराखंड की विकास यात्रा को रेखांकित किया। दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने जन्मभूमि से जुड़े रहने का आह्वान किया, जबकि अभिनेत्री चित्रांशी रावत ने उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा और पहाड़ के लोगों के जीवट की सराहना की।

सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक विनोद चमोली, किशोर उपाध्याय, प्रसून जोशी, हिमानी शिवपुरी, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button