जौनपुर महोत्सव के मंच से धामी ने दी 52 करोड़ की सौगात, थत्यूड़ सीएचसी बनेगा उप जिला अस्पताल
26 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास; लोक संस्कृति के संरक्षण को बताया सरकार की प्राथमिकता, साहित्यकार देवेंद्र चमोली को मिला ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान

नई टिहरी। लोक संस्कृति और परंपराएं उत्तराखंड की पहचान हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। जौनपुर महोत्सव जैसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ लोक कलाकारों और ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं। यह बात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को थत्यूड़ में नौवें जौनपुर महोत्सव का शुभारंभ करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र को 52 करोड़ रुपये की 26 विकास योजनाओं की सौगात दी। साथ ही थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय बनाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2016 में शुरू हुआ जौनपुर महोत्सव आज लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक विरासत को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। खेल गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से उत्तराखंड के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
26 योजनाओं से विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
मुख्यमंत्री ने 30 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22 करोड़ रुपये की 15 योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण, शिक्षा, पशुपालन, सिंचाई और लघु सिंचाई विभाग के कार्य शामिल हैं।
उन्होंने धनोल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग निर्माण को स्वीकृति देने की जानकारी दी। इसके अलावा पालीगाड से थत्यूड़ बाजार तक आवासीय बाढ़ सुरक्षा के लिए 273 लाख रुपये और भवान बाजार के आबादी क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4.72 करोड़ रुपये की स्वीकृति का उल्लेख किया। क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण और डामरीकरण से जुड़ी मांगों पर भी विचार कर उन्हें घोषणा में शामिल करने की बात कही।
कृषि और पर्यटन से बढ़ेंगे स्वरोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड निर्माण का कार्य गतिमान है। तिवाड़ गांव को होम स्टे गांव के रूप में विकसित किया गया है। एक जिला एक उत्पाद और हिमालय हाट जैसी पहल स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने में मददगार साबित हो रही हैं।
उन्होंने ग्रामसभा साबली के प्रगतिशील किसान कबूल चंद पुंडीर के प्रयासों की सराहना की। पुंडीर सेब के साथ अदरक, कीवी, केसर, फूल, आलू और रोजमैरी की खेती कर स्वरोजगार को बढ़ावा दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पिछले पांच वर्षों में करीब 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार दिया गया है। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और सख्त नकल विरोधी कानून को भी सरकार के महत्वपूर्ण निर्णयों में शामिल बताया।
गढ़वाली में रामायण-महाभारत का अनुवाद करने वाले साहित्यकार सम्मानित
महोत्सव के दौरान ग्रामसभा पापरा निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया। चमोली ने रामायण और महाभारत का गढ़वाली भाषा में अनुवाद किया है। विधायक प्रीतम सिंह पंवार और ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने क्षेत्र की विकास संबंधी मांगें मुख्यमंत्री के सामने रखीं। महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा ने अभिनंदन पत्र और कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत ने स्मृति चिह्न भेंट किया।
इस अवसर पर दायित्वधारी गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, महोत्सव समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



