
देहरादून। पश्चिमी हिमालय के जंगलों में छिपी जैव विविधता के रहस्यों से पर्दा उठाने की दिशा में उत्तराखंड के वैज्ञानिकों ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। चमोली जिले के सिमली गांव निवासी वैज्ञानिक डॉ. प्रदीप चंद्र सती ने मक्खियों की एक नई प्रजाति की पहचान की है। इस खोज का महत्व केवल एक नई प्रजाति के सामने आने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिये पहली बार एशिया में एफ्रोकैमिला वंश की मौजूदगी का वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण हुआ है। शोधकर्ताओं ने नई प्रजाति को ‘एफ्रोकैमिला सिंघी’ नाम दिया है। यह खोज पश्चिमी हिमालय की कीट विविधता और इस वंश के वैश्विक भौगोलिक वितरण को समझने के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के प्राणी विज्ञान विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रदीप चंद्र सती और हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के प्रो. राजेंद्र सिंह फर्त्याल ने संयुक्त रूप से यह शोध किया है। शोध पत्र दो नवंबर को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका ‘ओरियंटल इंसेक्ट’ में ऑनलाइन प्रकाशित हुआ। इस पत्रिका का प्रकाशन अंतरराष्ट्रीय समूह टेलर एंड फ्रांसिस करता है। शोध की खास बात यह है कि इससे पहले एफ्रोकैमिला वंश का एशिया में कोई वैज्ञानिक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था। नई प्रजाति की पहचान के साथ इस वंश का ज्ञात भौगोलिक विस्तार भी एशिया तक पहुंच गया है।
चोपता के जंगलों से मिले नमूनों ने खोला रास्ता
इस खोज की आधारभूमि उत्तराखंड का चोपता क्षेत्र बना। शोधकर्ताओं ने यहां के जंगलों से एकत्र किए गए नमूनों का बारीकी से अध्ययन किया। उनके आकारिकी लक्षणों के विश्लेषण के बाद नई प्रजाति की पहचान की गई। शोध में केवल नई प्रजाति का विवरण ही प्रस्तुत नहीं किया गया, बल्कि एफ्रोकैमिला वंश की विभिन्न प्रजातियों को पहचानने के लिए संशोधित पहचान कुंजी भी तैयार की गई है। इससे भविष्य में इस समूह की प्रजातियों के वर्गीकरण और अध्ययन को अधिक व्यवस्थित तथा सटीक बनाने में मदद मिलेगी।
शोध के मैदानी कार्य में डॉ. सती के भाई भुवन सती ने भी अहम सहयोग दिया। पश्चिमी हिमालय के दुर्गम वन क्षेत्रों में नमूनों की खोज और संग्रह के दौरान उन्होंने शोधकर्ताओं का साथ दिया। स्थानीय भूगोल और परिस्थितियों की जानकारी ने मैदानी कार्य को आगे बढ़ाने में सहायता की।
कीटों की पहचान से खुलेगा पारिस्थितिकी को समझने का रास्ता
वैज्ञानिक दृष्टि से यह खोज इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र में कीटों की भूमिका व्यापक है। परागण, जैविक पदार्थों के विघटन और खाद्य शृंखला के संतुलन जैसी प्राकृतिक प्रक्रियाओं में कीटों की अलग-अलग प्रजातियां योगदान देती हैं। इसके बावजूद पश्चिमी हिमालय के अनेक वन क्षेत्रों में मौजूद सूक्ष्म कीटों का अब तक पर्याप्त वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण नहीं हो पाया है।
ऐसे में नई प्रजातियों की पहचान से क्षेत्र की जैव विविधता का आधारभूत रिकॉर्ड तैयार करने में मदद मिलती है। साथ ही यह समझने का अवसर मिलता है कि किसी प्रजाति का भौगोलिक विस्तार कितना है, वह किन परिस्थितियों में पाई जाती है और पारिस्थितिकी तंत्र में उसकी क्या भूमिका हो सकती है। यह जानकारी भविष्य में जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरणीय बदलावों के अध्ययन के लिए भी उपयोगी साबित हो सकती है।
स्थानीय प्रतिभा से अंतरराष्ट्रीय शोध तक पहुंचा उत्तराखंड
सिमली जैसे छोटे पर्वतीय गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक शोध में पहचान बनाने वाले डॉ. प्रदीप चंद्र सती की उपलब्धि से नारायणबगड़ और चमोली जिले में उत्साह है। यह शोध दो विश्वविद्यालयों के बीच अकादमिक सहयोग का उदाहरण भी है। साथ ही यह संकेत देता है कि उत्तराखंड के जंगलों में अब भी ऐसी अनेक प्रजातियां और जैविक रहस्य मौजूद हो सकते हैं, जिनकी पहचान और वैज्ञानिक पड़ताल बाकी है। हिमालयी क्षेत्रों में निरंतर सर्वेक्षण, नमूनों का संग्रह और विशेषज्ञों के संयुक्त अध्ययन से इस अनदेखी जैव विविधता को सामने लाने की संभावनाएं और मजबूत होंगी।


