केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग को छोड़ शार्टकट रूट अपनाने पर जंगल में रास्ता भटकी महिला
एसडीआरएफ की टीम ने महिला यात्री को सकुशल ढूंढ कर मुख़्य मार्ग पर पहुंचाया

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की यात्रा पर आई मुंबई की एक महिला श्रद्धालु बड़ी लिनचोली के पास जंगल में तब रास्ता भटक गईं, जब उसने भीड़ से बचने के लिए शार्टकट रुट अपनाया। एसडीआरएफ की टीम ने महिला यात्री को सकुशल ढूंढ कर मुख़्य मार्ग पर पहुंचाया।
शनिवार सुबह लगभग सवा नौ बजे एसडीआरएफ पोस्ट लिनचोली पर तैनात उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह को डीसीआर रुद्रप्रयाग के माध्यम से सूचना मिली कि एक महिला यात्री बड़ी लिनचोली के समीप जंगल क्षेत्र में फंसी हुई हैं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम तुरंत आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गई।
महिला की पहचान वीरा पवार (उम्र 53 वर्ष), निवासी बांद्रा, मुंबई के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घोड़ों की भीड़ और धक्कों के कारण उन्होंने मुख्य मार्ग छोड़ शॉर्टकट लेते हुए जंगल का रास्ता पकड़ लिया। मार्ग की जानकारी न होने और अत्यधिक थकावट के कारण वे मुख्य ट्रैक से करीब एक किलोमीटर भीतर जंगल में फंस गईं।
एसडीआरएफ टीम ने जंगल में गहन सर्चिंग के बाद महिला को ढूंढ निकाला। प्राथमिक सहायता देने के बाद उन्हें मुख्य पैदल मार्ग तक सुरक्षित पहुँचाया गया। महिला ने एसडीआरएफ का आभार व्यक्त किया और फिर से श्री केदारनाथ की यात्रा के लिए आगे रवाना हुईं।