पीआरडी जवानों के मानदेय में जल्द होगी बढ़ोतरी, सीएम धामी ने किया ऐलान
प्रस्ताव पर विचार के लिए शीघ्र बुलाई जाएगी बैठक, हर ग्राम पंचायत में गठित होंगे मुख्यमंत्री खेल क्लब

देहरादून। प्रदेश के प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों के मानदेय में जल्द बढ़ोतरी हो सकती है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मानदेय वृद्धि की घोषणा करते हुए कहा कि इस संबंध में शीघ्र बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में प्रस्ताव पर विचार कर आगे का निर्णय लिया जाएगा। हालांकि, मानदेय में कितनी वृद्धि होगी और इसे कब से लागू किया जाएगा, यह बैठक के बाद स्पष्ट होगा।
मुख्यमंत्री ने देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि पीआरडी जवान विभिन्न सरकारी विभागों और संस्थानों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और सरकारी आयोजनों के संचालन में उनका योगदान रहता है। जवानों की सेवाओं और जिम्मेदारियों को देखते हुए मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए एक और घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित किए जाएंगे। इन क्लबों के माध्यम से गांवों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को अभ्यास व प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें बेहतर मंच और सुविधाएं देने की है। खेल क्लबों के गठन से ग्रामीण स्तर पर खेलों का माहौल तैयार होगा और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि इससे उनकी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग होगा और उन्हें नशे से दूर रखने में भी मदद मिलेगी।


