आपदा प्रबंधनउत्तराखंड

श्रमिकों के हित सर्वोपरि, पीएफ अभिलेखों की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश

गोपेश्वर। टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद चल रहे रेस्क्यू अभियान की सोमवार को आयुक्त गढ़वाल मंडल आनन्द स्वरूप ने जिला सभागार गोपेश्वर में समीक्षा की। उन्होंने रेस्क्यू अभियान की प्रगति, उपलब्ध संसाधनों, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय तथा प्रभावित श्रमिकों से जुड़े विषयों की विस्तृत जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने बताया कि हादसे में कुल 22 श्रमिक प्रभावित हुए हैं। इनमें 12 श्रमिकों को सकुशल रेस्क्यू किया जा चुका है, जबकि 7 श्रमिकों का उपचार जिला अस्पताल गोपेश्वर में तथा एक श्रमिक का उपचार एम्स ऋषिकेश में चल रहा है। हादसे में 8 श्रमिकों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि 2 लापता श्रमिकों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

आयुक्त ने लापता श्रमिकों की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए कि रेस्क्यू कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और अभियान को पूरी गंभीरता एवं तेजी के साथ आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने रेस्क्यू में जुटी सभी एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने तथा उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम एवं बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।

समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू अभियान के तहत टनल से अब तक तीन मशीनें हटाई जा चुकी हैं, जबकि एक एक्सकेवेटर और एक डम्पर को हटाने का कार्य जारी है। आयुक्त ने शेष मशीनरी को शीघ्र हटाने के साथ ही टनल के भीतर खोज एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने आरबीएनएल के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर टीएचडीसी से संबंधित रेस्क्यू एवं अन्य आवश्यक कार्यों में सहयोग लेने तथा उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित विभाग एवं एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

बैठक में आयुक्त ने श्रमिकों के हितों से जुड़े मामलों की भी गंभीरता से समीक्षा की। उन्होंने श्रम अधिकारी को टीएचडीसी परियोजना में कार्यरत श्रमिकों के पीएफ से संबंधित अभिलेखों की जांच कर स्पष्ट एवं तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने रिपोर्ट को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने तथा प्रकरण की जानकारी श्रम आयुक्त को भी भेजने को कहा।

बैठक में जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, अलकेश नौटियाल सहित टीएचडीसी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button