उत्तराखंड

रीप परियोजना : 74 आपदा प्रभावित उद्यम परिवारों को बांटी 93 लाख से अधिक की सहायता राशि 

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत छमरौली ग्राम पंचायत स्थित नागराजा मंदिर प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में आपदा प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करते हुए 74 उद्यमी परिवारों को ₹93 लाख से अधिक की सहायता राशि के चेक वितरित किए।

यह सहायता ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत संचालित ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के तहत प्रदान की गई, जिसमें ग्राम पंचायत फुलेत, छमरौली, सरोना, सिल्ला, सिम्यारी, शेरकी, सरखेत आदि प्रभावित गांवों के परिवारों को लाभ प्रदान किया गया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार आपदा से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए प्रतिबद्ध है और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार सहयोग प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामोत्थान परियोजना ग्रामीण आजीविका को सशक्त करने का एक प्रभावी माध्यम है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा कि आपदा के बाद केवल राहत देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रभावित परिवारों को स्थायी आजीविका उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में यह सहायता राशि लाभार्थियों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करेगी और उनके जीवन में आर्थिक स्थिरता लाने में सहायक सिद्ध होगी।

कैबिनेट मंत्री ने स्वयं सहायता समूहों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि ये समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा राज्य सरकार महिलाओं के आजीविका संवर्धन और उन्हें आत्मनिर्भरता को बढ़ाने की दिशा में लागतार प्रयासरत है। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, श्याम लाल, धनश्याम नेगी, दीपक भट्ट, कविता, श्याम सिंह पयाल, रमेश नौटियाल सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button