बौखनाग धाम बनेगा नया धार्मिक पर्यटन केंद्र, सरकार ने घोषित किया पर्यटन स्थल

देहरादून। उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने उत्तरकाशी जिले में यमुना और गंगा घाटियों के मध्य स्थित बाबा बौखनाग की पवित्र तपोस्थली बौख टिब्बा (बौखनाग धाम) को धार्मिक पर्यटन स्थल घोषित करने की घोषणा की है। इसके लिए उन्होंने पर्यटन विभाग के सचिव को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।
दरअसल, 18 जुलाई को बाबा बौखनाग धाम की डोली यात्रा के जनपद पहुंचने पर श्री बाबा बौखनाग देव समिति के प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन मंत्री से मुलाकात कर सिलक्यारा सुरंग के ठीक ऊपर स्थित बौख टिब्बा को पर्यटन स्थल घोषित करने की मांग की थी। मंत्री ने मांग पर तत्काल संज्ञान लेते हुए इसे पर्यटन क्षेत्र में शामिल करने का निर्णय लिया।
सतपाल महाराज ने कहा कि बाबा बौखनाग की तपोस्थली यमुना और गंगा घाटी के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रत्येक तीसरे वर्ष ‘सेम नाग राजा’ मेले की तर्ज पर त्रिवार्षिक राजकीय मेले का भव्य आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। वर्षभर भी यहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन बना रहता है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से यह स्थल अत्यंत महत्वपूर्ण है। पर्यटन स्थल घोषित होने से यहां आधारभूत सुविधाओं का विकास होगा, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

