
देहरादून। गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए उत्तराखंड के मरीजों की दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम करने की दिशा में सरकार सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर जोर दे रही है। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर के मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मजबूत करने के साथ सेलाकुई स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय परिसर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने की योजना है। इसके लिए केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को सेलाकुई स्थित विश्वविद्यालय परिसर में 20.55 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें 20.21 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का शिलान्यास और 34 लाख रुपये की दो योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। उन्होंने प्रस्तावित प्रशासनिक भवन, एम्फीथिएटर और नक्षत्र वाटिका का शिलान्यास किया, जबकि विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार और दंत चिकित्सालय का लोकार्पण किया।
मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक सुविधाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में पांच राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि दो अन्य निर्माणाधीन हैं। इसके अतिरिक्त नौ नर्सिंग कॉलेज और तीन नर्सिंग स्कूल भी संचालित किए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि चिकित्सा शिक्षा के बुनियादी ढांचे के विस्तार के साथ मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं भी उपलब्ध हों।
हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान विकसित किया जा रहा है। वहीं, ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा में 351 करोड़ रुपये की लागत से एम्स सैटेलाइट सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। इन परियोजनाओं को प्रदेश में विशिष्ट उपचार सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच
उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना भी सरकार के सामने महत्वपूर्ण चुनौती है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इसके लिए टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस जैसी सुविधाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सा सुविधाएं मजबूत करने के साथ चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्तियों पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर शैक्षणिक वातावरण
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए भी सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। विश्वविद्यालय परिसर में प्रशासनिक भवन और अन्य सुविधाओं के विकास से शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। फिलहाल, सेलाकुई में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का प्रस्ताव केंद्र सरकार के विचारार्थ है। इसकी मंजूरी मिलने के बाद परियोजना की दिशा में आगे काम किया जाएगा।



