नंदानगर (चमोली)। रामणी गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के पास स्थित रामलीला मैदान के मंच की रेलिंग से एक छात्र और छात्रा के शव फंदे से लटके मिले। दोनों एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह कुछ ग्रामीण छानी से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर रामलीला मैदान के मंच की रेलिंग से लटके युवक-युवती पर पड़ी। उन्होंने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्राम प्रधान कुंवर लाल के अनुसार, मृतक युवक 12वीं कक्षा का छात्र था और उसकी उम्र करीब 18 वर्ष बताई गई है। वहीं, छात्रा 11वीं कक्षा में पढ़ती थी और उसकी उम्र करीब 17 वर्ष थी। दोनों रामणी गांव के ही निवासी बताए गए हैं।
घटना की सूचना मिलने पर नंदानगर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और दोनों की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों व ग्रामीणों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।


