किसानों को तकनीक से मिलेगी नई ताकत, सीएम धामी ने किया ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप का शुभारंभ
मौसम अलर्ट से लेकर फसल रोग पहचान और बाजार की जानकारी तक, एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी किसान उपयोगी सेवाएं

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति द्वारा विकसित किसान-केंद्रित मोबाइल एप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने एप को किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए समिति के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग किसानों तक कृषि संबंधी आवश्यक जानकारी और सेवाएं आसानी से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की तकनीकी पहल किसानों को समय पर सही जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी कार्यक्षमता और आय बढ़ाने की दिशा में भी उपयोगी साबित हो सकती है।
समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप को किसानों की व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। एप के माध्यम से किसानों को रियल टाइम मौसम की जानकारी और अलर्ट, फसल-विशिष्ट कृषि सलाह, एआई आधारित फसल रोग पहचान, कृषि एवं बाजार संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
इसके साथ ही एप में परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सुविधाओं को भी शामिल किया गया है, ताकि किसान उत्पादन से लेकर बाजार तक की प्रक्रिया में डिजिटल सहयोग प्राप्त कर सकें। स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमों को बाजार से जोड़ने के लिए भी एप में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
समिति ने बताया कि एप का उद्देश्य किसानों को कृषि उत्पादन, फसल प्रबंधन, मौसम, बाजार और विपणन से जुड़ी जरूरी जानकारियां एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराना है। एआई आधारित तकनीक के माध्यम से फसल रोग की पहचान जैसी सुविधा किसानों को समय रहते संभावित समस्याओं से निपटने में मदद कर सकती है।
इस अवसर पर कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति की कमला डबराल, राजेश डबराल, अंशुल, प्रांजल नौडियाल एवं सूरवीर सिंह कठैत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


